Tuesday, May 30, 2017

Maheshpur azamgarh

Maheshpur Azamgarh ka

महेशपुर (आजमगढ़ )
  - हरिशंकर राढ़ी 
समाज में आए व्यापक परिवर्तनों से कोई अछूता रह गया हो, यह संभव नहीं है। भौतिक प्रगति के साथ वैचारिक बदलाव हर जगह दिख रहा है और उसके साथ-साथ जीवन पद्धति में भी बड़ा बदलाव आया है। रूढ़ियां तो टूटी ही हैं, कुछ अच्छी परंपराएं भी बिखरी हैं। आदमी सुविधाभोगी हुआ है और उसके अनुसार उसने सिद्धांत और व्यवसाय भी बदला है। अन्य क्षेत्रों की भांति राढ़ियों के दोनों गांवों में व्यवसाय और सोच में काफी परिवर्तन आया है। नयी पीढ़ी बेहतर सुविधाओं और रोजगार की तलाश में शहरों की ओर पलायन कर रही है, खेती पर निर्भरता कम हुई है। किंतु सबसे अधिक असर जातिगत तानेबाने पर हुआ है और उसमें भी सकारात्मक ताने-बाने पर। बिरादरी की परंपराओं का जो जुनून और कानून 30-40 साल पहले तक था, वह बिखर रहा है।
महेश और विष्णु में बड़ा भाई कौन था, इसे निश्चित रूप से निर्धारित नहीं किया जा सकता। महेश ने महराजगंज से उत्तर देवारा क्षेत्र चुना और बस गए। उनके बसाए गांव का नाम महेशपुर हुआ। वह जमाना निश्चित ही सुविधाओं के घोर अभाव का रहा होगा। न कोई रास्ता, न यातायात और न कोई नगरीय जुड़ाव। न जाने महेश बाबा की क्या मानसिकता रही होगी कि छोटी सरयू और बड़ी सरयू (घाघरा) के बीच के कछार क्षेत्र में उन्होंने बसने की ठानी होगी, जबकि दो-तीन सौ साल पहले देश में न कृषियोग्य भूमि की कमी थी और न इतनी आबादी का घनत्व। ऊपर से दूर आए हुए ज्ञानी ब्राह्मण। शायद उन्हें प्रकृति का सान्निध्य प्रिय रहा हो, बड़े साहसी रहे हों या एकांतवासी।
 महेशपुर  में शस्य साम्राज्य :                  छाया हरिशंकर राढ़ी 
जो भी हो, मेरे बचपन का महेशपुर आज से बहुत भिन्न था। महराजगंज बाजार के पुराने चैक से बनियों और कुम्हारों के मोहल्ले से होते हुए छोटी सरयू नदी को पार करिए और वहां से एक पतली सी गहरी कच्ची सड़क (जिसे हम खोर कहते थे, खोर की कोई सही उत्पत्ति मुझे तो नहीं मिली, हो सकता है कि खोह का अपभ्रंश हो क्योंकि यह रास्ता किसी खोह जैसा ही गहरा था।) सर्पीले आकार में चली जाती थी। कुल जमा चैड़ाई एक बैलगाड़ी निकलने भर को। खोर के दोनों ओर सरपत और मेउड़ी की बाड़। मेउड़ी अब नहीं दिखती और न मैं इस वनस्पति शास्त्र का इतना बड़ा ज्ञाता हूँ कि उसका सर्वव्यापी या वानस्पतिक नाम बता सकूँ। इतना याद है कि इस मेउड़ी का उपयोग टोकरियां (जिन्हें आजमगढ़ मंे खांची कहा जाता है) बनाने में किया जाता था क्योंकि इसके लरछे बड़े मजबूत और चिम्मड़ होते थे। इसके अतिरिक्त छप्पर का बंधन बांधने में भी ये काम आती थीं, जलावन भी होता था किंतु मेउड़ी का सर्वाधिक सदुपयोग अध्यापकों द्वारा छात्रों की पिटाई और चमड़ा उतारने में किया जाता था। यह सर्वसुलभ शस्त्र था और इससे देश की शिक्षा व्यवस्था आगे बढ़ती थी। मैं इस मामले में सौभाग्यशाली था कि मुझे इसके प्रहार का स्वाद नहीं मिला था। कारण दो थे-- एक तो मेरी माता जी उसी विद्यालय में पढ़ाती थीं और दूसरे यह कि मैं अपने काम में किसी प्रकार की कमी नहीं रखता था। हाँ, बाकी बहुत से सहपाठियों को मेउड़ी का प्रहार सहते जरूर देखा था। पूरे मन से पढ़ाने और पीटने के मामले में तब प्राइमरी पाठशाला के अनेक शिक्षक बहुत विख्यात होते थे।

 महेशपुर  में लेखक का पैतृक आवास                  छाया :        हरिशंकर राढ़ी
महराजगंज और महेशपुर के बीच पुराने बाजार से लगभग दो किमी की दूरी थी। इस बीच में न कोई घर और न कोई ठांव। राहगीर अकेला हो और हिम्मती न हो तो उसका मालिक भगवान ही। हाँ, लगभग बीच में मुंडीलपुर गांव जरूर पड़ता था, कितु रास्ते से काफी दूर। बीच में पकवा इनार (पक्का कुआं)। पकवा इनार मुड़ीलपुर के ठाकुर जगन्नाथ सिंह का बगीचा और उसमें बना ऊंची जगत का पक्का कुआं जो शायद आम के बाग के लगने के समय सिंचाई के लिए बनवाया गया होगा। वहां से आगे निकले तो बौलिया नामक एक पोखरी और पेड़ों की घनी झुरमुट। कोढ़ में खाज यह कि बौलिया पर भूतों और चुड़ैलों का बसेरा होने का अंधविश्वास। बच्चे तो क्या, बड़ों की हिम्मत नहीं पड़ती थी शाम ढलते ही वहां से गुजरने की। कुछ लोग थे जो रात में देर से आते, उन्हें बड़ा हिम्मती मर्द माना जाता था। मौसम गर्मियों का हो तो, गनीमत। सबसे भयंकर दृश्य होता था बारिश के मौसम का। छोटी सरयू उफान पर और वहां से गांव तक की खोर पानी से भरी हुई। घुटनों तक पानी, तैरते हुए सांप बिच्छू और उनमें से होकर निकलना। मुझे ठीक से याद है कि बरसात के चार महीनों में हम बच्चों का बाजार जाना बिलकुल बंद। घर का कोई बड़ा सप्ताह में एक दिन बाजार जाता तो नमक, मिट्टी का तेल और माचिस जैसी आवश्यक वस्तुएं ले आता। दो-चार पड़ोसी भी कुछ न कुछ लाने को दे दिया करते। जहां तक मुझे याद है, सन् 1975 के बाद कच्ची सड़क पटनी शुरू हुई थी और सन 1984 में छोटी सरयू पर लकड़ी का पुल बनकर तैयार हुआ था।
महेशपुर आज एक विकसित गांव है और बैंक के अलावा सारी सुविधाएं मौजूद हैं। भारतीय स्टेट बंैक भी लगभग खुल गया था किंतु गांव के प्रभावी लोगों के झगड़े में निरस्त हो गया। महेशपुर में कुल सात पुरवे हैं जिसमें दक्षिण का पूरा और उत्तर के पूरा में राढ़ी ब्राह्मणों के कुल मिलाकर 40 घर होंगे। इसके अतिरिक्त गांव में जातिगत आबादी में यादव बहुसंख्यक हैं। अनुसूचित जाति, कोइरी और गड़ेरिया जाति की भी जनसंख्या अच्छी है। महेशपुर गांव के लोग सामान्यतः शांतिप्रिय हैं और जाति आधारित विवाद कभी भी नहीं हुआ है। जो भी विवाद हैं, वे संपत्ति से संबंधित हैं और न्यायालय के अलावा हिंसा के स्तर पर प्रायः नहीं आते। जातिगत मतभेद या जातिवाद चुनावों के अतिरिक्त कभी मुखर नहीं होता। एक -दूसरे के सुख-दुख में शरीक होने के पुरानी भारतीय संस्कृति अभी भी इस गांव में चल रही है।
जनगणना विभाग के आंकड़ों के हिसाब से (2011की जनगणना, जो वेबसाइट पर उपलब्ध है) इस गांव में कुल 212 परिवार हैं और कुल आबादी 1526 है जिसमें 762 पुरुष और 764 महिलाएं हैं। महेशपुर की साक्षरता दर 66.4 है जो औसत से जरा सा कम है किंतु लिंगानुपात सकारात्मक है। समुद्रतल से ऊँचाई 91 मीटर है।
वैसे वेबसाइट सर्च के दौरान मुझे महेशपुर के विषय में जो जानकारियां मिलीं, वे बड़ी हास्यास्पद और अविश्वसनीय थीं। न जाने किन लोगों ने किस आधार पर कहां से सूचना एकत्रित की तथा पूरी तरह से दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया है। उदाहरण के तौर पर एक वेबसाइट ने बताया कि महेशपुर महराजगंज तहसील में पड़ता है जबकि महराजगंज तहसील है ही नहीं। पता नहीं किस जिले के महराजगंज को महेशपुर की तहसील बना दिया। मैंने इस वेबसाइट को काफी पहले मेल भी लिखा किंतु उनके कान पर जूँ नहीं रेंगी। इसी प्रकार एक दूसरी वेबसाइट ने महेशपुर का निकटतम अस्पताल बलरामपुर लिखा है जो गोंडा जिले में है और निकटतम हवाई अड्डा अकबरपुर बताया है जबकि अकबरपुर मे हवाई अड्डा है ही नहीं। इन भ्रामक सूचनाओं के आधार पर कोई महेशपुर के विषय में क्या जानकारी इकट्ठा करेगा, सोचने वाली बात है।
मेरा बचपन और पूरी किशोरावस्था इसी महेशपुर में गुजरी है। युवावस्था का प्रथम चरण भी कमोवेश यहीं बीता है और इस गांव की मिट्टी मेरे तन-मन में बसी है। इस गांव में एक प्राइमरी स्कूल था, कालांतर में एक इंटर कालेज बना। पहली से लेकर आठवीं तक की शिक्षा गांव के प्राथमिक पाठशाला और आदर्श इंटर काॅलेज में हुई। तब यह दसवीं तक ही था। विज्ञान पढ़ने के लिए मैं नौवीं कक्षा में इंटर काॅलेज महराजगंज चला गया किंतु महेशपुर की यादें साथ लगी रहीं। अपने शुरुआती दिनों में आदर्श इंटर काॅलेज वाकई आदर्श रहा। यह बात अलग है कि बाद में विभिन्न कारणों और स्वार्थों के चलते यह अपने नाम का पूरा विरोधी हो गया। गांव में शाखा डाकघर, सहकारी खाद-बीजगोदाम, पशु चिकित्सालय, सरकारी नलकूल और न जाने कितनी सरकारी योजनाएं तबसे हैं जब ये विरली होती थीं। इनमें अधिकांश विकास कार्य एवं संस्थाओं की स्थापना स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व0 पं0 लक्ष्मीकंात मिश्र के अथक प्रयासों एवं प्रभाव से हुई थीं। आदर्श इंटर काॅलेज की स्थापना भी इन्हीं की देन है जिसमें विवाद के चलते अलग होना पड़ा। इसके बाद पं0 लक्ष्मीकांत मिश्र जी ने दक्षिण पूरा में इंटर काॅलेज की जमीन पर सन 1986 के आसपास बालिका विद्यालय की नींव डाली। उनके समय तक बालिका विद्यालय में विकास कार्य होता रहा, अनेक कमरे बने किंतु 90 के दशक में उनका निधन हो जाने के बाद विद्यालय उसी स्थिति में रह गया। उनके सामाजिक अवदान को देखते हुए महराजगंज के नए चैक पर  उनकी प्रतिमा स्थापित की गई। वह समय बदलाव का था। निजीकरण शुरू हो गया था, शिक्षा संस्थान समाज सेवा न होकर आय के स्रोत बन गए, सरकारी विद्यालयों का स्तर गिरने लगा, सरकार ने अनुदान देना बंद कर वित्तविहीन मान्यता देनी शुरू कर दी। व्यावसायिक बुद्धि न रखने वाले समाजसेवी पिछड़ते गए और शिक्षा पूर्णरूपेण शिक्षा माफिया के हाथों में चली गई।
 महेशपुर  में अपने पैतृक आवास पर लेखक                  छाया :      हरिशंकर राढ़ी
गांव का व्यासायिक और सामाजिक ताना-बाना बदलता गया। कुछ राढ़ी जो जमींदार थे, जमींदारी उन्मूलन के बाद जमीन पर आ गए। खेतों की सीमा निर्धारित कर दी गई और कालांतर में चकबंदी भी हो गई। महेशपुर के राढ़ियों में सबसे बड़ी जमींदारी रामानंद-रामशरण राढ़ी की थी जो देवारा कदीम से लेकर मथुरा ठेकेदार के पूरा तक फैली थी। समय की मार और कुप्रबंधन ने इनके बिखरने में बहुत योगदान दिया। यह मलाल इस पूरे खानदान को अभी भी सालता है और यह लेखक भी उनकी चैथी पीढ़ी का हिस्सा है। बिखराव के बाद चैथी पीढ़ी ने स्वयं को संभाला और अपनी मेधा और शिक्षा के बल पर अब इनमें से अधिकांश विकसित या विकास की ओर अग्रसर हैं। वैसे भी इस गांव के अनेक राढ़ियों ने मेधा और शिक्षा के बल पर तमाम सरकारी नौकरियां प्राप्त कीं और उच्च पदों पर रहे। इनमें से उत्तर के पूरा  कई लोग उल्लेखनीय हैं। पुरानी पीढ़ी में उत्तर के पूरा में रमाशंकर मिश्र की भी ख्याति थी। आज महेशपुर गांव में अनेक लोग पीएच. डी और उच्च पदस्थ हैं।
महेशपुर का पश्चिमी पूरा यहां की कुल आबादी का एक बड़ा हिस्सा है। इसे पहले इसे ‘सनपुर’ के नाम से जाना जाता था। कागजों में इसे महेशपुर भले ही लिखा जाता हो, स्थानीय लोग इसे सनपुर के नाम से ही जानते हैं। सनपुर की अधिकांश आबादी यादवों की है और मुख्य महेशपुर से इसकी दूरी एक किमी से अधिक ही होगी।
महेशपुर और सनपुर को जोड़ने वाला रास्ता अब पक्की के सड़क के रूप में है और इसके मध्य में श्री मोतीलाल यादव (पूर्व ब्लंाॅक प्रमुख) द्वारा स्थापित स्व0 ईशदत्त स्मारक डिग्री काॅलेज है। हालांकि यह देवारा कदीम के नाम से पंजीकृत है किंतु वास्तव में महेशपुर में स्थापित होने से महेशपुर की शोभा और गरिमा को यह चार चांद लगाता है। गांव की लड़कियों को अब उच्च शिक्षा आंगन में ही मिलने लगी है। चूंकि श्री मोतीलाल यादव के पुत्र श्री राकेश यादव गुड्डू इस क्षेत्र से एमएलसी हैं, अतः विकासकार्य को गति मिलना स्वाभााविक है।
सनपुर से अविछिन्न खेमानंदपुर महेशपुर का छोटा भाई सा लगता है और इन दोनों गावांे को मिलाकर ग्रामपंचायत का निर्माण हुआ है। पड़ोसी गांव सादातपुर और खोजापुर आकार और आबादी में बहुत छोटे हैं इसलिए ये भी महेशपुर के अभिन्न अंग से लगते हैं। आपसी भाई-चारा और न्योता-भोज में ये महेशपुर से अलग नहीं होते। दरअसल, दूर के क्षेत्रों में इन दोनों गांवों के लोग स्वयं को महेशपुर का ही निवासी बताते हैं....महेशपुर ख्यातिप्राप्त तो है ही।

 महेशपुर  में शस्य साम्राज्य                           छाया  :     हरिशंकर राढ़ी
अब वे असुविधाओं वाले दिन गए। गांव से सटती हुई सड़क घाघरा के बांध सहदेव गंज तक जाती है जिस पर बढ़ते यातायात को देखकर देश की प्रगति का विश्वास होता है। लगभग हर घर में दुपहिया वाहन,  अनेक ट्रैक्टर, गाड़ियां और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो चुका है महेशपुर। अब न वो बाढ़, न खोर और न सांप-बिच्छू। दिन-रात फर्राटे भरती गाड़ियों को देखकर और महराजगंज आजमगढ़ को पैरों के तले देखकर बड़ा संतोष मिलता है, नहीं मिलते तो यहां की पगडंडियों पर बिताए बचपन केे दिन... मेरे बचपन का महेशपुर....

Friday, March 24, 2017

राढ़ और  राढ़ी

--हरिशंकर राढ़ी 


(यह आलेख किसी जातिवाद या धर्म-संप्रदाय की भावना से नहीं लिखा गया है। इसका मूल उद्देश्य एक समुदाय के ऐतिहासिक स्रोत और महत्त्व को रेखांकित करना तथा वास्तविकता से अवगत कराना है।)

महराजगंज के इतिहास और वर्तमान की बात हो तो राढ़ियों की चर्चा के बिना अधूरी ही रहेगी। जैसा कि पहले ही उल्लेख किया जा चुका है, महराजगंज बाजार प्रमुखतया विशुनपुर (राढ़ी का पूरा) की ही जमीन पर बसा हुआ है और इसकी स्थापना से लेकर विकास में राढ़ियों का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है। आज बाजार का विकास और विस्तार बहुत हद तक हो चुका है तथा आज के दौर में समाज के हर वर्ग और क्षेत्र का सहयोग और समर्पण है।
बहुत दिनों तक यह अज्ञात ही रहा कि महराजगंज के राढ़ी किस मूल क्षेत्र के निवासी हैं क्योंकि सामान्यतः हमारे देश में इतिहास और आत्मकथा लेखन की परंपरा नहीं रही है। मुगलकाल और अंगरेजी राज्य में साक्षरता दर और स्वस्थ परंपराओं का लोप होता गया। स्थिति ऐसी आई लोग या तो रोजी-रोटी में फंस गए या फिर पोंगापंथी परंपराओं में। अंगरेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति ने बहुत नुकसान पहुंचाया।
‘राढ़ी’ शब्द से सामान्यतः झगड़ालू प्रवृत्ति का बोध होता है और यही धारणा विशुनपुर और महेशपुर के राढ़ियों के विषय में पाई जाती रही है। कुछ हद तक इनमें क्षत्रियत्व और स्वाभिमान (अक्खड़पन की सीमा तक) पाया जाता है इसलिए इस अर्थ की सामान्यतः पुष्टि भी हो जाती है। किंतु वास्तविक इतिहास कुछ और ही है और वह बंगाल की उच्च बौद्धिक क्षमता और परंपराओं वाले गौरवशाली इतिहास का हिस्सा है।
वस्तुतः राढ़ी की उत्पत्ति किसी अनुमानित अर्थ या प्रवृत्ति से नहीं हुई है। यह शब्द बंगाल के राढ़ क्षेत्र से संबंधित है। ़राढ़ क्षेत्र विश्व के प्राचीनतम क्षेत्रों में एक है। उपलब्ध कुछ स्रोतों को सही मानें तो राढ़ क्षेत्र का अस्तित्व तब था जब हिमालय का अस्तित्व नहीं था। यह एक मान्यताप्राप्त संकल्पना है कि जहां आज हिमालय है, वहां पहले टेथिस सागर था और उसके दोनों ओर दो भू़क्षेत्र थे जिनके परस्पर टकराने से हिमालय का जन्म हुआ। तो भी, राढ़ क्षेत्र राढ़ नामक नदी द्वारा लाई गई मिट्टी से बना था और आदिम काल से यह आबाद था। राढ़ क्षेत्र को दो भागों में बांटा गया - पूर्वी राढ़ और पश्चिमी राढ़।
पूर्वी राढ़ के अंतर्गत ये क्षेत्र आते हैं: 1- पश्चिमी मुर्शिदाबाद, 2- बीरभूम जिले का उत्तरी भाग, 3-पूर्वी बर्धमान, 4- हुगली, 5- हावड़ा क्षेत्र, 6- पूर्वी मेदिनीपुर तथा 7- बांकुड़ा जनपद का इन्दास थाना क्षेत्र।
पश्चिमी राढ़ में ये क्षेत्र सम्मिलित हैं: 1- संथाल परगना, 2- बीरभूम के अन्य क्षेत्र, 3- बर्धमान का पश्चिमी भाग, 4- बांकुडा (इन्दास थाना क्षेत्र को छोड़कर), 5-पुरुलिया, 6- धनबाद, 7-हजारीबाग के कुछ इलाके, 8- रांची के कुछ इलाके, 9-सिंहभूम तथा 10- मेदिनीपुर का कुछ इलाका ।
आनंदमार्ग प्रकाशन तिलजला, कोलकाता द्वारा प्रकाशित और श्री प्रभात रंजन सरकार द्वारा लिखित पुस्तक ‘सभ्यता का आदि बिंदु -राढ़’ के तथ्यों को प्रामाणिक मानें तो राढ़ क्षेत्र में सभ्यता विकसित ही नहीं हुई थी, अपितु सभ्यता का यहां जन्म हुआ था। एक समय था जब राढ़ क्षेत्र का ध्वज विदेशों तक लहराता था। यहां केे लोगों ने जय का दंभ पालने के बजाय मानवसेवा को अपना धर्म माना।
प्रभात रंजन के अनुसार मंगलकाव्य और वैष्णव काव्य साथ - साथ चल रहे थे। इस क्रम में जयदेव को वे प्रमुखता देते हैं जिन्होंने गीत गाविंद की रचना की और वैसा लालित्य शायद ही किसी अन्य गीत में हो। राढ़ क्षेत्र के प्रमुख लोगों में रवीन्द्रनाथ टैगोर, राजशेख बसु, रासबिहारी बसु, सुभाषचंद्र बोस, रामकृष्ण परमहंस और विवेकानंद ( नरेंद्रनाथ दत्त) की गणना की जा सकती है। रामकृष्ण परमहंस जहां राढ़ी ब्राह्मण थे, वहीं विवेकानंद राढ़ी कायस्थ। राढ़ क्षेत्र में इतनी प्रसिद्ध और महान विभूतियाँ हुईं कि उनको सूचीबद्ध कर पाना बहुत दुष्कर कार्य है। वैसे तो ्राढ़ क्षे़त्र की सभी जातियां अपने को राढ़ी लिखती हैं किंतु राढ़ी ब्राह्मण और राढ़ी कायस्थ स्वयं को ‘राढ़ी’ के नाम से ही कहलाना पसंद करते हैं।
इसमें संदेह नहीं कि यह क्षेत्र विकसित था। चहुंओर से समतल और जलोढ़ मिट्टी, विदेशी आक्रमण से दूर, हरीतिमा से भरपूर था यह क्षेत्र। हर प्रकार से संपन्न होने के कारण सभ्यता और संस्कृति का विकास तो होना ही था। कालांतर में राढ़ क्षेत्र शैव मतावलंब के गहरे प्रभाव में पड़ा। जगह - जगह शिव के मंदिर इसके प्रमाण हैं। किंतु वैष्णव प्रभाव भी कम नहीं हुआ।
राढ़ क्षेत्र में राढ़ी ब्राह्मणों की उपस्थिति और इतिहास का विवेचन करना बहुत सहज नहीं है। ये इस क्षेत्र के ज्यातिपुंज रहे हैं। राढ़ियों को कुलीन ब्राह्मणों के वर्ग में रखा जाता है। यह तो बहुत स्पष्ट नहीं है कि इनकी उत्पत्ति यहीं की है या ये विस्थापित होकर आए हैं, किंतु इनकी परंपराओं, ज्ञान और उपलब्धियों को देखकर तार्किक रूप से यह कहा जा सकता है कि ये यहां के आदि निवासी थे। ब्राह्मण वंशावली का ज्ञान रखने वाले और विवेचन करने वाले भिन्न -भिन्न मत रखते हैं।
राढ़ क्षेत्र का इतिहास लिखना यहां मेरा उद्देश्य नहीं है, हालांकि मेरे पास कुछ शोधपरक जानकारी जरूर है। यह तो प्रसंगवश है। मेरा लेखनक्रम यहां महराजगंज (आजमगढ़) के राढ़ी ब्राह्मणों और उनके स्थानीय महत्त्व को रेखांकित करना है।
जैसा कि मैंने पहले उल्लेख किया, इस बात का कोई बड़ा प्रमाण नहीं है कि राढ़ी ब्राह्मण यहां के मूल निवासी थे या कहीं से विस्थापित होकर आए थे। विकीपीडिया एवं कुछ अन्य वेबसाइटों का अध्ययन करने से मालूम होता है कि राढ़ी ब्राह्मण मूलतः कन्नौज के कुलीन ब्राह्मण थे और किसी अज्ञात समय और अज्ञात कारणों से बंगाल के इस क्षेत्र में पहुंचे। कन्नौज क्षेत्र के ब्राह्मणों को कान्यकुब्ज ब्राह्मण भी कहा जाता है।
बंगाली कुलीन ब्राह्मण कुल पांच प्रसिद्ध गोत्रों में आते हैं जिनमें- शांडिल्य, भारद्वाज, कश्यप, वत्स और सावण्र्य या स्ववर्ण हैं। इन्हें यहां दो प्रमुख वर्गों में रखा गया है -राढ़ी और वरेन्द्र। बंगाल मंे इनके होने के प्राचीनतम प्रमाण कुमारगुप्त के ताम्रपत्रों से 433 ईस्वी में मिले हैं। एक ताम्रपत्र में राढ़ी ब्राह्मण द्वारा किसी जैन विहार को भूमिदान करने का उल्लेख है। वैसे पौराणिक एवं प्रागैतिहासिक ग्रंथों में भी इनके वहां होने का प्रमाण मिलता है। कुछ पारंपरिक ग्रंथों एवं कथाओं में भी, जिन्हें कुलग्रंथ या कुलपंजिका कहा जाता है, इनकी उत्पत्ति का उल्लेख मिलता है। बंगाल के राजाओं के दरबारी ग्रंथों में भी राढी ब्राह्मणों का जिक्र है। इनके प्रमुख लेखक हरि मिश्र, एदू मिश्र, वाचस्पति मिश्र, राजेन्द्रलाल मित्र हैं और ये लगभग 13वीं से 15वीं सदी के अभिलेख हैं।
कहा जाता है कि आदिसुर नामक किसी राजा को यज्ञ कराने हेतु योग्य वैदिक ब्राह्मणों की आवश्यकता थी और उसके राज्य में वैदिक विशेषज्ञ ब्राह्मण नहीं थे। (एदू और हरि मिश्र के आख्यान के आधार पर) उसने कोलांचल और कान्यकुब्ज के पांच ब्राह्मणों को यज्ञकार्य हेतु आमंत्रित किया। यह वृत्तांत आठवीं सदी का होगा। इतिहास के जानकारों के अनुसार आदिसुर बंगाल के बजाय उत्तरी बिहार का था। यह तर्क भी पूरी तरह स्वीकार्य नहीं है क्योंकि आदिसुर का राज्य मिथिला क्षेत्र के सन्निकट है और मिथिला में योग्य वैदिक ब्राह्मणों की कमी रही होगी।
कहा जाता है कि बंगाल के सेन राजाओं ने ब्राह्मणों को भूमि और धन खूब दिया। वे समाज मंे वैदिक प्रथाएं और मूल्य स्थापित करना चाहते थे। वे समाज में पूर्ण अनुशासन चाहते थे और यह अनुशासन उन्होंने ब्राह्मणों पर भी लागू किया। कुलीन ब्राह्मण उसे ही माना जाता था जिसके मातृ और पितृ दोनों पक्ष 14 पीढ़ियों तक कुलीन रहे हों। हालांकि ब्राह्मणों ने इसका विरोध भी किया, किंतु कुलीनता की यह प्रथा परंपरा में बदल ही गई।
बंगाल मंे जो भी राढ़ी ब्राह्मण हैं, उनके साथ प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। उनमें प्रमुख जातिनाम व गोत्र निम्नवत हैं:
1. मुखर्जी या मुखोपाध्याय (भारद्वाज गोत्र)
2. बनर्जी या बंदोपाध्याय (शांडिल्य गोत्र)
3. चटर्जी या चट्टोपाध्याय (कश्यप गोत्र)
4. गांगुली या गंगोपाध्याय (सावर्ण गोत्र)
इसके अतिरिक्त लाहिड़ी, सान्याल, मोइत्रा और बागची वरेंद्र समूह के राढ़ी ब्राह्मण हैं।
जो राढ़ी ब्राह्मण राढ़ क्षेत्र छोड़कर दूसरे राज्यों में चले गए, उनमें अधिकांशतः अपना जातिनाम ‘मिश्र’ लगाते हंै। इनमें भी प्रायः वे लोग हैं जिनका गोत्र कश्यप है। उत्तरी भारत के मिश्र जातिनाम के ब्राह्मणों में कश्यप गोत्र शामिल नहीं है। इस प्रकार की चर्चा मुझसे एक बार काशी विद्यापीठ से सेवानिवृत्त प्रो0 वंशीधर त्रिपाठी जी से हो गई। वे ‘कश्यप’ गोत्र सुनते ही बोल पड़े कि इस जातिनाम ‘मिश्र’ में कश्यप गोत्रीय ब्राह्मण हो ही नहीं सकता। वह या तो किसी की गद्दी यानी ‘नेवासा’ (ससुराल या ननिहाल में वंशहीनता की स्थिति में उसी वंश की संपत्ति और घर पर स्थायी रूप से निवास करने वाला) पर होगा या किसी अन्य कारण से अपना जातिनाम बदल लिया है। जब उन्हें पता लगा कि कुछ मिश्र लोग मूलतः राढी हैं तो उन्होंने कहा कि यही कारण है कि उन्हें कश्यप और मिश्र में तुल्यता का संदेह हुआ। राढ़ी तो मूलतः बंगाली ब्राह्मण हैं और मिश्र जातिनाम बंगाल में नहीं होता। प्रो0 वंशीधर त्रिपाठी एक सुदीर्घ अध्येता रहे हैं। आज उनकी वय 85 से ऊपर की है। वे एक अत्यंत अच्छे और गंभीर लेखक रहे हैं। आप मनोविज्ञान, समाज विज्ञान और दर्शनशास्त्र में एम ए तथा डबल पीएच. डी हैं। उन्होंने भारतीय साधु समाज पर शोध किया था और उसके लिए विधिवत दीक्षा लेकर साधु समाज में एक लंबा समय बिताया था। उनकी पुस्तक ‘साधूज आॅफ इंडिया’ एक प्रसिद्ध और मान्यताप्राप्त ग्रंथ है जो अमेरिका के पुस्तकालयों में तथा विश्वविद्यालयों में चर्चित है।
महराजगंज के राढ़ी निश्चित रूप से इसी राढ़ क्षेत्र से विस्थापित हैं। उनकी अधिकांश परंपराएं बंगाल के ब्राह्मणों से मिलती हैं। अंतर एक ही है कि यहां के राढ़ी मूलतः और अधिकांशतः शाकाहारी हैं। वे वैष्णव एवं शैव दोनों ही पंथों में विश्वास रखते हैं और आदिशक्ति दुर्गा उनकी कुल अधिष्ठात्री देवी हैं। वे ही उनकी अंतिम शरण हैं। महराजगंज के राढ़ी राढ़ क्षेत्र से विस्थापित होकर कब और क्यों आए, इसका कोई स्पष्ट उत्तर नहीं है। हो सकता है कि अतिरिक्त स्वतंत्रता, रिक्तता और अस्तित्व की तलाश में राढ़ को छोड़ दिया हो। किसी प्राकृतिक आपदा का संकेेत तो मिलता नहीं। यह भी कहा जाता है कि नवाव शुजाउद्दौला के समय युद्ध और धर्मपरिवर्तन से भयभीत होकर पलायन करना पड़ा हो।
महाराजगंज के राढ़ियांे की मान्यता के अनुसार उनके पूर्वज पहले सुगौटी में आकर बसे। यह गांव भैरव स्थान से लगभग एक किमी की दूरी पर छोटी सरयू के उत्तरी तट पर है। तब शायद बाढ़ का प्रकोप ज्यादा हुआ करता था। कालांतर में विष्णु और महेश दो सगे भाइयों ने एक और विस्थापन लिया। विष्णु ने महराजगंज के पास बांगर क्षेत्र को चुना और बस गए तथा महेश भैरोजी से लगभग तीन किलोमीटर उत्तर पूर्व कछार क्षेत्र में बस गए। यहीं से विष्णु के नाम पर विष्णुपुर (विशुनपुर) तथा महेश के नाम पर महेशपुर आबाद हुआ। आज दोनों ही गांवों में इन्हीं के वंशजों की एक बड़ी आबादी है। अब समय परिवर्तित हो गया है, पहले इन्हें लोग मिश्र के बजाय राढ़ी कहकर ही बुलाते थे।
जैसा कि मैंने पहले कहा, राढ़ी ब्राह्मणों में ब्राह्मणत्व के साथ क्षत्रियत्व अधिक है। ये लोग बड़े अभिमानी, सुपठित, तार्किक और ज्ञानी थे। पंडिताई, यजमानी और व्यावसायिक पूजा-पाठ जैसे ब्राह्मणोचित कार्य में कभी संलग्न नहीं हुए। अधिकांशत: राढ़ी अच्छे किसान भी थे और इनके पास कृषियोग्य भूमि की अधिकता थी। जमींदार भी थे ये।
क्रमशः...........




Sunday, January 29, 2017

Mahraj ganj: Azamgarh


महराजगंज बाज़ार
                    -हरिशंकर राढ़ी 


 महराजगंज की स्थिति को लेकर पिछले लेख में लिखी गई बातें तथ्यपरक साबित हो रही हैं। विशुनपुर की तुलना में महराजगंज नया है और यह गाँव विशुनपुर की भूमि पर बसा है। यह बात स्थानीय लोग तो मानते ही हैं, सरकारी अभिलेखों से भी सिद्ध होती है। वैसे भी महराजगंज बाजार की अधिकांश जमीन विशुनपुर के राढ़ियों के खेत की है और अभी भी उनकी जमीन में बहुत सी दूकाने किराए पर चल रही हैं। हाँ, समय के साथ एक बड़ा हिस्सा क्षेत्रीय लोगों ने खरीद लिया है और अब इनका वर्चस्व कम होता जा रहा है। आजमगढ़ गजेटियर के एक अंक में महराजगंज के बारे में कुछ सूचना उपलब्ध है। इस सूचना के अधिकांश भाग को तथ्यपरक माना जा सकता है। आजमगढ़ गजेटियर इस अंक के पृष्ठ 244  पर लिखता हैः
The town is situated in mauza Bishanpur on the banks of the Chhoti Sarju. Close to it is a famous old Hindu shrine of Bhairo and Bishanpur has probably long been inhabitated mauza. The name of Mahrajganj however is of comparatively recent origin having been given to it, it is said, by one of the Rajas of Azamgarh……

The shrine of Bhairo is also known as Deotari, and it is alleged by the attendant Brahmans to have been a gate of the ancient city of Ajodhya, from which it is now forty kos distant. At this shrinre a small fair is held every month of the day of the full moon; but on the tenth day of the light half of Jeth, a very much larger fair is celebrated, which is attended by several thousands of people.
(Azamgarh Gazetteer, Vol XXXIII, of the District Gazetteer of the United Province of Agra and Oudh, Edited and Compiled by DRAKE –BROCKMAN – ICS. Published in 1911)
Naya Chowk Mahraj Ganj
इस पृष्ठ के आवश्यक अंशों का अनुवाद यहां दिया जा रहा है--
”यह नगर छोटी सरजू के तट पर मौजा बिशनपुर में स्थित है। इसके निकट भैरों का प्रसिद्ध और पुराना हिंदू देवालय है और संभवतः बिशनपुर एक प्राचीन रिहायसी मौजा है। हालाँकि अपेक्षाकृत महराजगंज नया है और कहा जाता है कि इसकी स्थापना आजमगढ़ के किसी राजा ने की थी।
इस पेज पर कुछ आँकड़े भी दिए हैं। हालाँकि गजेटियर के इस कथन से सहमत होने का कोई आधार नहीं बनता है कि महराजगंज आजमगढ के किसी राजा ने की थी। ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिलता कि महराजगंज की स्थापना किसी राजा ने की हो। यदि ऐसा होता तो कोई राजकीय भवन या निशान जरूर मिलता। वैसे भी महराजगंज का स्थापत्य किसी योजनाबद्ध ढंग से हुआ नहीं लगता। इसलिए यह चर्चा कि महराजगंज का नामकरण राढ़ी जिन्हें ब्राह्मणत्व एवं शौर्य के कारण ‘महराज’ कहा जाता था, के आधार पर हो सकता है।
महराजगंज क्षेत्र औद्योगिक उत्पादों के लिए कभी भी प्रसिद्ध नहीं रहा। हाँ, यह बाजार व्यापार के मामले में अग्रणी था। उन्नीसवीं शताब्दी के मध्य में मऊ, मुबारकपुर जैसी जगहों से कपड़ा यहां आता था और लखनऊ, फर्रूखाबाद तथा अन्य पश्चिमी शहरों में इसकी आपूर्ति की जाती थी। उस समय चेतू नामक  कोई बड़ा व्यापारी इस बाजार में था जिसका जिक्र गजेटियर में आता है।
गजेटियर के प्रकाशन के समय सन् 1911 में इस बाजार में महराजगंज में थाना, पोस्ट ऑफिस, मवेशीखाना और एक उच्च प्राथमिक विद्यालय था। ये सभी आज भी इस बाजार में किंतु मवेशीखाना शायद अब नहीं है। मेरे बचपन में था, कुछ बिगडैल लोग किसी का पशु अपने खेत में चरता हुआ पाते तो उसे मवेशीखाने में ढकेल आते और पशु के मालिक को जुर्माना देकर अपना पशु छुड़ाना पड़ता था। जमाना गरीबी का था, इसलिए जुर्माने की रकम का इंतजाम मुश्किल से होता था। कभी-कभी तो लोगों का जेवर भी बंधक रखना पड़ता है। मवेशीखाने की बात आती है तो प्रेमचंद के ‘दो बैलों की कथा‘ का प्रसंग बरबस याद आ जाता है।
थाना तब भी था। अंगरेजी सरकार के जमाने में थाने का बहुत बड़ा खौफ होता था। खौफ आज भी है और सज्जनों में ज्यादा है। तब महराजगंज थाना इस समय के प्राइमरी विद्यालय की जगह पर था। आज जहां है, वह तब के पड़ोसी गांव प्रताप पुर का क्षेत्र है। सन 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान महेशपुर के स्वतंत्रता सेनानी स्व0 श्री लक्ष्मीकांत मिश्र इस थाने को फूँकने के लिए पहुंच गए थे। श्री जे0के0 मिश्र के मुताबिक वे एक बोझ सरपत सिर पर रखे थाने के गेट पर पहुंचे और बोले कि मैं थाना फूँकने आया हूँ, जो करना हो करो। गोली खाने तक को तैयार हो गए। उनकी इस हिम्मत पर थानेदार तक सहम गया। खैर थाना तो नहीं फूँक पाए, पुलिस ने पकड़ा, पीटा और चालान कर दिया। किंतु उनके इस कृत्य ने अंगरेजी सरकार के खिलाफ महराजगंज क्षेत्र में बिगुल बजा दिया। उनके साथ कुछ क्षेत्रीय युवा स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़े जिसमें देवारा क्षेत्र के मल्लू सुराजी और नहरूमपुर (देवारा कदीम) के कुछ लोग थे जिनका नाम ठीक से याद नहीं। इन लोगों को क्षेत्र में सुराजी कहा जाने लगा। आजादी के बाद भी सामाजिक क्षेत्र में इनका योगदान जारी रहा। अब इनमें कोई भी जीवित नहीं रहा जो इतिहास के विषय में कुछ और बता सके।
गजेटियर के हिसाब से 1881 में महराजगंज की जनसंख्या 2882 थी और सन् 1891 में 2019 रह गई थी। सन् 1911 में यहा कुल 1568 हिंदू और 624 मुसलमान थे।
आज यह बाजार बहुत विकसित हो चुका है और नगर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित होता है। महराजगंज बाजार के अतिरिक्त विशुनपुर भी इसी में सम्मिलित है। नई सड़क और नया चौक बनने के पहले पुराना चौक ही मुख्य केंद्र था। कप्तानगंज , आजमगढ़ और जीयनपुर के लिए तांगे (इक्के) यहीं से चलते थे। किसी समय फेंकू का तांगा प्रसिद्ध था। चौक के दक्षिण बैलगाड़ियां खड़ी होती थीं जहां से दूर के बाजारों में अनाज की आपूर्ति होती थी। तब छोटी सरयू में भी पानी होता था और नाव से भी व्यापार होता रहता  था।
Naya Chowk, Mahraj Ganj
साधन सीमित थे। अंधेरा होते ही रास्ता चलना दूभर हो जाता था। मौसम मानसून का हो तो महेशपुर की ओर जाना बड़ी समस्या थी। पूरा क्षेत्र देवारा था। सड़क थी नहीं और कच्चा रास्ता था जिसमें पानी भर जाता था। दोनों तरफ से सरपत की बाड़, सांपों का साम्राज्य और देर होते ही नाव का न मिलना किसी भयंकर त्रासदी से कम नहीं होता था। चौड़े रास्ते भी बैलगाड़ियों की चौड़ाई के होते थे जिन्हे खोर कहा जाता था। अब न खोर रहे और न खोर में रहने वाले लोग जो जान पर खेलकर संबध निभाते थे और अभावों को अपना जीवन दर्शन बना लेते थे। अब तो विकसित समाज है जिसमें अधिक धन और सुविधासंपन्न ही ‘मनुष्य‘ है, मानवता का क्या करना है ? सो बाजार विकसित हो रहे हैं....
भैरो जी के विषय में गजेटियर लिखता है-
भैरों जी देवस्थान को देवतरी के नाम से भी जाना जाता है और यहां के परिचारक ब्राह्मणों के अनुसार यह प्राचीन अयोध्या नगर का द्वार है, जो यहां से 40 कोस दूर है। इस देव स्थान पर हर माह की पूर्णिमा को एक छोटा मेला लगता है किंतु  जेठ माह के शुक्लपक्ष की दशमी को बहुत बड़ा मेला लगता है जिसमें हजारों लोग शामिल होते हैं...
भैरो जी और महराजगंज की प्राचीनता और सभ्यता पर प्रश्न तो नहीं उठाए जा सकते, हां इन्हें उतनी प्रसिद्धि नहीं मिली जिसके हकदार ये थे। संभवतः पिछड़ा क्षेत्र और मुख्यमार्ग पर न होना ही इसका बड़ा कारण हो...
शेष अगली किश्त में...

Thursday, January 26, 2017

Mahrajganj Of Azamgarh

आधुनिकता और महराजगंज

--हरिशंकर राढ़ी 

नया चौक  महराजगंज        छाया : राजनाथ मिश्र 
महराजगंज बाजार और पूरे क्षेत्र की यह विशिष्टता उल्लेखनीय है कि इक्कीसवीं सदी के लगभग दो दशक पार कर लेने के बावजूद यहां अभी पश्चिमीकरण और बनावटीपन नहीं आया है। यह कहा जा सकता है कि जितना विकास राजमार्गों और जिला मुख्यालयों के पास वाले कस्बों का हुआ, उसकी तुलना में महराजगंज काफी पिछड़ा ही है । अभी तक इस क्षेत्र में कोई सिनेमा हॉल, ऑडीटोरियम, स्टेडियम या बड़ा सार्वजनिक सभा स्थल भी नहीं है। यदि महराजगंज बाजार का व्यापार देखा जाए तो किसी भी बड़े कस्बे से टक्कर ले सकता है। बड़ी गल्ला मंडी, सब्जी मंडी, मशीनरी, भवन निर्माण सामग्री और जीवनोपयोगी पदार्थों का एक विशाल बाजार है यहां। महराजगंज से उत्तर लगभग 12 किलोमीटर की दूरी, यानी घाघरा के तट तक कोई दूसरा बड़ा बाजार नहीं है और समस्त बड़ी खरीदारियां लोग यहीं से करते हैं। पश्चिम में राजे सुल्तान पुर, दक्षिण में कप्तानगंज और पूरब में सरदहा तथा बिलरियागंज बाजार जरूर हैं लेकिन बड़ी खरीदारी के लिए अभी महराजगंज थोकमंडी जैसी भूमिका रखता है।इस सबके बावजूद महराजगंज का विकास नहीं हुआ। राजनैतिक कमजोरी, मुख्य मार्ग से दूर होना और रेलमार्ग से अतिदूर होना इसके लिए सबसे बड़ा अभिशाप है। कुछ तो यहां के लोगों की सीधी-सादी जीवन शैली और सरलता के कारण है। न जाने कितने बड़े व्यापारी, डॉक्टर और अन्य प्रमुख लोग अपनी दूकानों और बाजार की सड़कों पर नितांत घरेलू कपड़ों - लुंगी-बनियान-गमछा या तुड़ी-मुड़ी धोती में सहज भाव से मिल जाएंगे। चेहरे और दिल में वही अपनापन, मजाक और राजी-खुशी की चिंता करते, पान की पीकें मारते या चुक्कड़ में चाय पीते । लुंगी के ऊपर जेब वाली बनियान (औरेबकट) में नोटों की गड्डी होगी लेकिन आप उन्हें अति सरल साधारण किसान से अधिक होने का अनुमान नहीं लगा पाएंगे।
नया चौक  महराजगंज        छाया : राजनाथ मिश्र
‘‘काहो गुरू, का हालि हौ ? मजे में बाटा न?’’ जैसे जुमले यहां-वहां उछलते मिल जाएंगे। जिस भी हलवाई की दूकान में बैठने की जगह है, वहां लोग बैठे राजनीति, सुख-दुख और हंसी मजाक करते मिल ही जाएंगे। काम की चिंता नहीं, मर जाएंगे तो कौन सा लेके जाना है। महराजगंज देश के उन कुछ चुनिंदा बाजारों में है जहां ग्राहकों से अधिक महत्त्व यार-दोस्तों और नियमित बैठक करने वालों को मिलता है। सामान अन्य बाजारों की तुलना में आश्चर्यजनक रूप से सस्ते। शायद क्षेत्र की क्रयशक्ति और सादगी का प्रभाव होगा। उतना ही चाहिए जितने में काम चल जाए। सांई इतना दीजिए जामें कुटुम समाय।
पूरे बाजार क्षेत्र में कोई भी ऐसी विशाल इमारत नहीं है जिसका जिक्र किया जा सके। अब महराजगंज टाउन एरिया की श्रेणी में है। टाउन एरिया के नाम पर सफाई की व्यवस्था तो दिखती है, पटरी दूकानदारों से और बाहरी व्यापारियों से तहबाजार भी वसूली जाती है किंतु कोई नगरीय सुविधा अभी तक दृष्टिगत नहीं होती है। सड़कों की स्थिति पहले की तुलना में सुधरी है। बाजार की सीमा का विस्तार हुआ है। यह विस्तार बिलरियागंज रोड और राजेसुल्तान पुर रोड पर अधिक है। महराजगंज से भैरोजी का अंतर और सीवान समाप्त सा हो गया है। जबसे छोटी सरयू पर पक्का पुल बना और देवारा सहदेवगंज की सड़क पक्की बनी, इधर भी महराजगंज कस्बे ने अपना पैर फैलाया है।
बाजार का मुख्य स्थान तो अब नया चौक ही माना जाता है किंतु अब बाजार की सीमा में कई चौक हो गए हैं। बजरंग चौक का विकास सर्वाधिक हुआ है। सहदेवगंज मोड़, थाना चौक और भैरोजी मोड़ भी भीड़ इकट्ठा कर रहे हैं। महराजगंज में ब्लॉक मुख्यालय भी है। बैंक हैं, विद्यालय हैं किंतु अच्छे चिकित्सक और अस्पताल की कमी बहुत खलती है। इसके अतिरिक्त रोडवेज बसों का नेटवर्क भी बहुत ही दयनीय स्थिति में है जिसके परिणामस्वरूप आवागमन की दिक्कतें हद पार कर जाती हैं। टैक्सीवालों के जिम्मे पूरी परिवहन व्यवस्था है और वे दादागीरी से बाज नहीं आते। बिलरियागंज, कप्तानगंज, आजमगढ़, राजेसुल्तानपुर और सरदहा के लिए टैक्सीवालों ने नंबर व्यवस्था कर ली है और जबतक उनकी गाड़ी ठसाठस नहीं भर जाती, वे हिल नहीं सकते। चलिए, गाड़ी तो आपने भूसे जैसी भर ली, किराया तो वाजिब रखिए। पर नहीं जनाब, यहां 7 किमी का किराया 15 रुपये है। अब कर ही क्या सकते हैं आप?
इतिहास सिमट रहा है महराजगंज का। कौन इसे संभाले। महराजगंज की पुरातनता और गौरव की प्रतीक संस्थाएं धूल फांक रहीं हैं। महराजगंज इंटर कॉलेज, जो कभी अपनी अच्छी पढ़ाई, दिग्गज अध्यापकों और सख्त अनुशासन के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध था, अपनी सारी गरिमा खो चुका है। सरकारी विद्यालयों की स्थिति, छात्र अनुशासन और अध्यापकों की स्थिति पर क्या कहा जाए। नए-नए तथाकथित अंगरेजी स्कूल खुल रहे हैं और वे अपनी दूकानदारी अयोग्य अध्यापकों के दम पर खूब चला रहे हैं।
महराजगंज बाजार की रामलीला और दशहरा भी कभी बहुत भीड़ बटोरता था। बजरंग चौक के पास दशहरे के दिन राम-रावण युद्ध हम बच्चों के लिए बहुत बड़ा मनोरंजन हुआ करता था। हमारे मन में तब दशहरे के दिन के मेले में रावण की भूमिका निभाने वाले उस गुप्ता जी के प्रति बहुत बड़ा आकर्षण होता था। उनका चलना, गरजना, तलवार भांजना और राम को ललकार बहुत ही प्रभावी लगता था। सुना है कि अब उनका निधन हो गया है।
पोखरा बजरंग ,चौक  महराजगंज                          छाया : राजनाथ मिश्र
प्राचीन धरोहरों में बाजार के पूरब और पश्चिम में स्थित दो पोखरों को भी शामिल किया जा सकता है। एक छोटा किंतु गहरा पोखरा महराजगंज इंटर कॉलेज के सामने था, छात्र जीवन में हम मध्यावकाश में पोखरे की सीढ़ियों पर बैठकर मछलियां देखते और बातें करते। सुना है कि पोखरा सूख गया है और कुछ दिन में उस पर कोई इमारत बन जाएगी। कौन पूछता है इन्हें अब !
दूसरा पोखरा बजरंग चौक के पश्चिम देवतपुर मार्ग पर है। समय ऐसा बदला कि जिस चौक की पहचान पोखरे के नाम पर होनी चाहिए थी, उस पोखरे की पहचान अब चौक के नाम से होने लगी है। तब कोई बजरंग चौक नहीं होता था। पोखरे से होकर अक्षयबट और विशुनपुर (राढ़ी का पूरा) के उत्तरी छोटे टोले को रास्ता जाता था। इस पोखरे के पास का राढ़ियों का टोला पोखरे से ही नामित किया जाता था। लोग सहज भाव से इसे ‘पोखरवा पर क फलांने’ कहकर परिचय देते। श्री जे0के0 मिश्र के अनुसार महराजगंज के दोनों पोखरे आजमगढ़ के किसी अग्रवाल ने बनवाए थे। पहले वह अग्रवाल परिवार महराजगंज में ही रहता था, कालांतर में वह आजमगढ़ शहर में बस गए। पोखरों पर कोई शिलापट या नामोल्लेख नहीं है जिससे कि पता चले कि वह महानुभाव कौन थे।
समय बदला। पानी के लिए हैंडपंप हो गए। सिंचाई के लिए नहरें और ट्यूबवेल। फिर इन पोखरों की उपयोगिता
ही क्या रही और उपयोगिता नही तो इन पुरखों को संभाले कौन और क्यों? एक समय का सामाजिक और सांस्कृतिक प्रतीक यह पोखरा ध्वंश की स्थिति में है। सीढ़ियां टूट रही हैं, चारो ओर से अवांछित घासें उगी हुईं, जल में काई लगी हुई है और सौंदर्य से वंचित। न जाने लोगों का सौंदर्यबोध समाप्त हो गया है या प्रकृति में ही सौंदर्य न रह गया हो।शहरों में लोग ऐसे जलस्रोतों के आसपास बैठे मिल जाते हैं। शायदकोई कवि, साहित्यप्रेमी, दार्शनिक, वैरागी या प्रेमी होता तो इन सीढ़ियों पर बैठकर खुद से, किसी मित्र से या किसी मानसिक मूर्ति से बातें करता।
पोखरा बजरंग ,चौक  महराजगंज      छाया : राजनाथ मिश्र
महराजगंज को अभी पिछड़ा माना जा सकता है, किंतु सुखद यह है कि यहां के विचारों पर पश्चिमीकरण का घातक हमला नहीं हुआ है। परिवर्तन आया है, सामाजिक और नैतिक क्षरण हुआ है, लेकिन अन्य जगहों की तुलना में कम। अपराध भी होते हैं किंतु सामान्यतः अभी सामाजिकता और संबंध बचे हुए हैं और मानवीय मूल्यों की पूरी तरह मौत नहीं हुई है। बाजार में हिंदू और मुसलमान भी हैं, लेकिन सांप्रदायिकता जैसी कोई चीज नहीं। हिंदुओं की दूकान के ग्राहक मुस्लिम और मुसलमानों के हिंदू। आपसी भाई चारा और शादी-व्याह, सुख-दुख में उठना -बैठना और खान-पान। दंगों के देश में पूरी तरह अमन और शांति का कस्बा महराजगंज। चाय-समोसे, जलेबी, पकौड़ी और टिक्की की खुशबू उड़ाता महराजगंज, पटरियां पर दूकान लगाए महराजगंज और संबंध निभाता महराजगंज। बहुत अधिक भौतिक विकास न पाने वाला महराजगंज फिर भी बहुत अच्छा, बहुत सुंदर है।